शिवपुरी में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री धर्मेन्द्र सिंह यादव को वित्तीय अनियमितताओं के चलते निलंबित किया गया है। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने यह कार्रवाई की है। 2018-19 से 2022-23 के बीच 7 करोड़ 15 लाख 75 हजार 911 रुपए निकालने की बात की पुष्टि हुई है। इस राशि को पांच अलग-अलग बैंक खातों में भेजा गया था।
जांच समिति की रिपोर्ट में कार्यपालन यंत्री के अलावा संभागीय लेखाधिकारी, सहायक वर्ग-3 और आउटसोर्स कंपनियों के ऑपरेटर्स शामिल हैं। यह घोटाला मध्यप्रदेश कोषालय संहिता 2020, वित्तीय संहिता और आईएफ एमआईएस नियमों का उल्लंघन है। अन्य दोषी कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी जल्द कार्रवाई की जा सकती है।
कलेक्टर शिवपुरी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में धर्मेन्द्र सिंह यादव का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, शिवपुरी रहेगा।