नगरीय निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश अध्यक्ष ने दी कार्यकर्ताओं को बधाई
भोपाल। प्रदेश के जिन 19 नगरीय निकायों में चुनाव हुए हैं, मुझे यह बताने में गर्व है कि भारतीय जनता पार्टी ने उनमें से 11 पर पूर्ण बहुमत मिला है, वहीं एक अन्य निकाय में भी विजयी उम्मीदवार के भाजपा के साथ आ जाने से यह संख्या 12 हो गई है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए मैं पार्टी नेतृत्व, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। यह जीत हमारी केंद्र और राज्य सरकारों की गरीब कल्याण की योजनाओं, पार्टी नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास और मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने निकाय चुनावों के परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कही।
अगले चुनाव में राघौगढ़ में भी फहराएगा भाजपा का परचम
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि चाहे बड़वानी हो, धार हो, ओमकारेश्वर, जैतहरी हो या अनूपपुर, सभी जगहों पर भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत मिला है। राघौगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को नाकों चने चबवा दिए हैं और यह सब दिग्विजय सिंह और उनके बेटे की नाक के नीचे हुआ है। वहां कांग्रेस के जो पार्षद जीते हैं, उनमें से भी कोई 3 वोट से जीता है, तो कोई 5 या 7 से। इस उपलब्धि के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं और वहां से जो संकेत आए हैं, वो बहुत उत्साहवर्धक हैं। आने वाले चुनाव में राघौगढ़ में भी भाजपा का परचम फहराएगा।
जनजातीय क्षेत्रों में दिखा प्रदेश सरकार के काम का असर
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के नगरीय निकायों में भी भाजपा को अच्छी सफलता मिली है। यह जनजातीय बंधुओं द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किए गए कामों का परिणाम है। जिस समय राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से प्रदेश में विद्वेष फैलाने का काम कर रहे थे, तब प्रदेश की भाजपा सरकार जनजातीय भाई-बहनों के हाथ मजबूत कर उन्हें अधिकार संपन्न बनाने में लगी थी। जनजातीय क्षेत्रों में पार्टी को मिली सफलता इसी का परिणाम है। श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के जिन भाई-बहनों ने भाजपा पर विश्वास जताया है, मैं उन्हें यह कहना चाहता हूं कि हर जरूरत के समय भाजपा आपके साथ खड़ी रहेगी। जहां पार्टी को अपेक्षाकृत कम सफलता मिली है वहां की स्थिति की हम समीक्षा करेंगे।
कार्यसमिति की बैठक में होगा आगामी रणनीति पर विचार
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 24 जनवरी को आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक में कार्यसमिति के सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे। यह आने वाले चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण बैठक है जिसमें आगामी रणनीति को लेकर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही इसमें बूथ विस्तारक अभियान-2 को लेकर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर एक राजनैतिक प्रस्ताव आएगा। इसके अलावा जी-20 देशों की अध्यक्षता भारत को मिलने पर एक वक्तव्य जारी किया जाएगा। इसके साथ ही पेसा एक्ट को लेकर जनजातीय क्षेत्रों में गौरव यात्राओं के माध्यम से जो जनजागरूकता अभियान चलाया गया है, उस पर भी वक्तव्य आएगा। श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यह बैठक विशेष तौर पर प्लास्टिक मुक्त और ईको फ्रेंडली रहेगी। बैठक में आने वाले प्रतिभागियों का ई रजिस्ट्रेशन भी होगा।




