शासकीय स्वशासी हकीम सैयद जिया उल हसन यूनानी कॉलेज से बीयूएमएस कर रहे स्टूडेंट का बड़ा तालाब में शव मिला है। मूलत: बैतूल के रहने वाले स्टूडेंट की मौत को पुलिस अपनी प्रारंभिक जांच में सुसाइड मान रही है। हालांकि, उसके पास से पुलिस को कोई सुसाइड नहीं मिला है। अभी परिजनों के बयान भी नहीं हुए हैं। ऐसे में सुसाइड की वजह का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस के मुताबिक सिंधीपुरा बैतूल निवासी मंसूर मोहम्मद पिता इकबाल उस्ताद (23) शासकीय स्वशासी हकीम सैयद जिया उल हसन यूनानी कॉलेज से बीयूएमएस का स्टूडेंट था। वह तलैया थाना इलाके में किराए का कमरा लेकर रहता था। 25 जनवरी की सुबह वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।
परिजनों ने भोपाल में रहने वाले पहचान के लोगों की मदद से उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। गुरुवार दोपहर गोतोखोरों को बड़ा तालाब में एक युवक का शव उतराते मिला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शव की पहचान मंसूर मोहम्मद के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि उसकी तलैया थाने में गुमशुदगी भी परिजनों ने दर्ज कराई थी।




