एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मकर संक्रांति के मौके पर प्रदेश वासियों को बधाई दी। भोपाल में अपने आवास ‘मामा का घर’ पर पहुंचे बच्चों, भाई-बहनों को तिल के लड्डू, खिचड़ी खिलाई। शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों और बच्चों को पतंग भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह चौहान ने भी मामा के घर पहुंचे लोगों को अपने हाथों से लड्डू और खिचड़ी बांटी। इस दौरान बंगले पर मौजूद लोगों ने नारे लगाए- ‘लाडली बहनों का सम्मान है-शिवराज सिंह चौहान है।’

पूर्व सीएम शिवराज के साथ पत्नी साधना सिंह चौहान ने भी मकर संक्रांति के पर्व पर खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया।
शिवराज ने सुनी समस्याएं
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आम दिनों की भांति अपने आवास पर पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण के लिए निर्देशित किया। इसी दौरान बुधनी से आए युवाओं ने शिवराज सिंह चौहान को ‘रन बुदनी रन’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। पूर्व सीएम ने कहा- कि मामा का घर जनसेवा का केन्द्र है।
27 दिसंबर को छोड़ा था मुख्यमंत्री निवास
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान बीते 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री निवास छोड़कर 74 बंगले स्थित बी-8 बंगले में शिफ्ट हो गए थे। इसके बाद उन्होंने इस आवास को ‘मामा का घर’ नाम दिया। वे रोजाना सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे आम लोगों से मेल-मुलाकात कर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।




