हीरानगर पुलिस ने एक निजी कंपनी की महिला कर्मचारी की शिकायत पर रेप का मामला दर्ज किया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी से उसकी पहचान बीमा करवाने के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोस्ती बढ़ी और आरोपी ने संबंध बनाने के लिए दबाव डाला।
पुलिस के अनुसार, 46 वर्षीय महिला की शिकायत पर सुंदर नगर एक्सटेंशन निवासी हेमंत सिंह बगावत के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता फिलहाल एक रिसर्च कंपनी में कार्यरत है और 2016 से 2022 तक रिलायंस इंश्योरेंस में काम कर चुकी है। इसी दौरान हेमंत ने महिला से बीमा करवाया था और दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
शिकायत के मुताबिक, 26 जून 2017 की रात हेमंत पहली बार पीड़िता के घर पहुंचा और अर्जेंट बात का हवाला देकर रुकने की जिद की। जब पीड़िता ने मना किया, तो उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की और संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। इसके बाद करीब डेढ़ साल तक दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने रहे।
बाद में जब पीड़िता ने हेमंत से बात बंद कर दी, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। उसने पीड़िता को नौकरी छोड़ने और परिवार के साथ कहीं भी जाने से रोकने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी देकर जबरन संबंध बनाए रखे। जनवरी 2025 तक आरोपी पीड़िता का शोषण करता रहा।
पीड़िता की शिकायत पर हीरानगर पुलिस ने आरोपी हेमंत सिंह बगावत के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आराेपी को हिरासत में ले लिया है।




