पहले आनंद श्रीवास] अब उसकी पत्नी ने मेरा जीना दूभर कर दिया है। पहले दोनों पीछा करते थे। अब उस आनंद की पत्नी ने मोबाइल पर गंदे-गंदे मैसेज भेजना शुरू कर दिए हैं। घर के हालात भी ऐसे हो गए हैं कि बच्चे परेशान होने लगे हैं। मेरी नौकरी तक छूटने की स्थिति में पहुंच गई थी। मेरी मदद कीजिए…
खमरिया थाना पुलिस से ये गुहार लगाई है जबलपुर में रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आनंद और उसकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप है कि आनंद ने झूठ बोलकर उससे दोस्ती की। अब उसकी पत्नी परेशान कर रही है।
2023 में हो गई थी पति की मौत
पीड़ित महिला का कहना है कि वह अपने पति के साथ मुंबई मे रहती थी। 2014 में दोनों बच्चों को लेकर जबलपुर आ गई, जबकि पति मुंबई में ही जाॅब कर रहे थे। कोरोना काल (2020-21) में पति का काम छूट गया तो वे जबलपुर आ गए। फिर यहीं पर प्राइवेट जाॅब करने लगे। 2023 में साइलेंट हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। पति की मौत के बाद उनका मोबाइल मैं रखने लगी। फरवरी 2024 में एक दिन पति के मोबाइल पर आनंद का फोन आया। उसने खुद को पति का दोस्त बताया। इसके बाद आनंद अक्सर फोन कर घर की जानकारी लेने लगा। पीड़िता ने बताया कि अक्टूबर-नवंबर 2024 में हमें घर का काम करवाना था। उस समय आनंद ने कहा कि वह मकान बनाने वाले को जानता है और मदद कर सकता है। इसके बाद उसका घर आना-जाना भी शुरू हो गया।
महिला से दोस्ती करने के बाद आनंद ने उसे जबलपुर शहर घुमाने का ऑफर दिया। महिला उसके साथ चली गई। घूमने के दौरान आनंद ने महिला के साथ कई सेल्फी ली। आनंद ने खुद को कुंवारा बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। मना करने पर आनंद ने महिला को यह कहते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया कि अगर उसने संबंध नहीं बनाए तो वह दोनों के फोटो परिवार वालों और सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इस पर पीड़िता ने खमरिया और उखरी पुलिस चौकी में आनंद की शिकायत की। इससे आनंद डर गया और माफी मांगते हुए दोबारा कभी कॉल नहीं करने का वादा किया।
फिर पत्नी करने लगी परेशान
पुलिस की हिदायत के बाद आनंद ने पीड़िता को परेशान करना छोड़ दिया। लेकिन उसकी पत्नी मोबाइल पर अश्लील फोटो और मैसेज भेजने लगी। पीड़िता ने बताया कि आनंद की पत्नी फोन पर गंदी-गंदी गालियां देती है और वॉट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज एवं गंदी-गंदी बातें लिखे हुए स्टेटस भेजती है। महिला की शिकायत पर खमरिया पुलिस ने आनंद की पत्नी के खिलाफ धारा 294(क), 294(ख), 352,353,351 बीएनएस 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




