देवास में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परिवहन घोटाले के आरोपी सौरभ शर्मा को मिली जमानत के विरोध में मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला जलाने का प्रयास किया।
युवा कांग्रेस और शहर कांग्रेस ने सयाजीद्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एक के बाद एक चार पुतले लाकर जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं से पुतले छीने और कुछ को हिरासत में भी लिया।
मुख्यमंत्री के दबाव में चार्जशीट पेश नहीं की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और शहर जिला कांग्रेस नेता मनोज राजानी के आह्वान पर हुए प्रदर्शन की अगुआई युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज वर्मा ने की। कांग्रेस का आरोप है कि मुख्यमंत्री के दबाव में लोकायुक्त ने 60 दिनों में चार्जशीट पेश नहीं की, जिससे सौरभ शर्मा और उनके सहयोगी चेतन सिंह गौर व शरद जायसवाल को जमानत मिल गई।
52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपए नकद बरामद किए थे मामले में आयकर विभाग ने सौरभ शर्मा के घर के पास से 52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपए नकद बरामद किए थे। लोकायुक्त ने 234 किलो चांदी सहित 7.98 करोड़ की संपत्ति जब्त की थी। कांग्रेस का कहना है कि इतने बड़े घोटाले में आरोपी को जमानत मिलना राजनीतिक हस्तक्षेप को दर्शाता है। इसी के विरोध में पूरे प्रदेश में कांग्रेस ने प्रदर्शन किए।





