इंदौर की खजराना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर मुंबई में रहने वाले युवक के खिलाफ ब्लैकमेल कर रुपए की वसूली और शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने अपने पिता को इनकम टैक्स अधिकारी और खुद को दुबई का बिजनेसमैन बताकर पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया।
खजराना पुलिस ने बताया कि 33 वर्षीय युवती श्रीरामकृष्ण कॉलोनी की रहने वाली है। करीब पांच साल पहले उसने शादी डॉट कॉम पर प्रोफाइल बनाई थी। इसी प्रोफाइल से नंबर निकालकर नितेश कुमार उर्फ राहुल पिता राजेश धीया, निवासी आंबेडकर चौक, जयपुर (राजस्थान) ने कॉल किया और शादी को लेकर बातचीत शुरू की।
परिवार से मिलवाने की बात कहता रहा आरोपी ने बताया कि उसके पिता इनकम टैक्स अधिकारी हैं, मां सरकारी टीचर हैं, दुबई में उसका बिजनेस है और भाई-बहन पढ़ाई कर रहे हैं। बातचीत आगे बढ़ने पर दोनों व्हाट्सएप चैटिंग, मोबाइल और वीडियो कॉल पर बात करने लगे। इसी दौरान एक दिन वीडियो कॉल पर आरोपी ने पीड़िता से न्यूड होने की बात कही और शादी का भरोसा दिलाया।
पीड़िता उसकी बातों में आ गई, तभी आरोपी ने स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद वह धमकाने लगा और बिजनेस में घाटा, लोगों के रुपए लौटाने और दुबई में शिकायतें होने का हवाला देकर पैसों की मांग करने लगा।
परिवार से मिलवाने की बात पर आरोपी कहता रहा कि भारत आने पर माता-पिता से मिलवाएगा। उसने कुलदेवी की पूजा और माता-पिता की पसंद के जेवर लेने की बात कहते हुए भी रुपये मांगे और कहा कि बिना पूजा के मिलना संभव नहीं होगा।
बाद में पता चला वह शादीशुदा है जब युवती को शक हुआ तो उसने फेसबुक और इंस्टाग्राम से जानकारी निकाली। तब पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और उसका एक बेटा है।
पूछने पर उसने कहा कि पत्नी का बॉयफ्रेंड है, वह उसे छोड़ चुका है और कोर्ट में मामला चल रहा है। कोर्ट के कागज मांगने पर आरोपी ने कहा कि वे दुबई में रखे हैं और वहां जाकर भेज देगा।
इस बीच आरोपी अलग-अलग हिस्सों में करीब 30 लाख रुपए ले चुका था। जब पीड़िता ने उसे झूठा बताया तो आरोपी ने अविनाश नाम के युवक से बात कराई, जिसने ब्लैकमेल करते हुए कहा कि नितेश काफी टूट चुका है और बेटे को लेकर कोर्ट से प्रताड़ित है।
कहा-रेड पड़ गई, रुपए की जरूरत है कुछ समय बाद फिर कॉल आया कि उसके यहां सीबीआई और इनकम टैक्स की रेड पड़ी है और उसे 14 हजार रुपए की जरूरत है। जल्दबाजी में पीड़िता ने रुपए दे दिए। इसके बाद मैसेज आया कि उसे 12 साल की जेल हो गई है और बाहर आकर वह शादी करेगा।
पीड़िता ने जब पता निकाला तो मालूम हुआ कि आरोपी मुंबई में रह रहा है। वहां पहुंचने पर उसकी पत्नी, मां, पिता, भाई और बहन सभी साथ मिले, जिन्होंने जान से मारने की धमकी दी। बाद में नितेश ने इंदौर आकर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
इंदौर आने के बाद उसकी मां का फोन आया और शिकायत न करने पर पूरा पैसा लौटाने की बात कही, लेकिन बाद में आरोपी और उसके परिवार ने फिर धमकियां दीं। इसके बाद पीड़िता ने परिवार को जानकारी दी और गुरुवार को खजराना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।




