मदन महल शारदा चौक स्थित बस की बॉडी बनाने वाले कारखाने में सुबह नौ बजे आग लगने से हड़कंप मच गया। आसपास लकड़ी के टाल होने से लोग दहशत में पानी, रेत सहित अपने- अपने स्तर से आग बुझाने की मशक्कत करते रहे। लेकिन आग बेकाबू होती गई। आनन फानन में नगर निगम के दमकल विभाग को सूचना दी गई। जब दमकल कर्मी पहुंचे तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने पानी से भरे चार वाहनों की मदद से करीब डेढ़ घण्टे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक कारखाने में बनने के लिए खड़ी दो बस, लकड़ी सहित अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था। आग लगने से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।
दमकल विभाग के मुताबिक शारदा चौक में रतन बस बॉडी मेकर कारखाना में आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत ही चार दमकल वाहन रवाना कर दिया गया। भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग में अनुमानित करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है। आग रतन बस बॉडी मेकर में लगी थी।
शार्ट सर्किट से लगी आग : दमकल कर्मियों के मुताबिक आग शार्ट सर्किट से लगना बताया जा रहा है। अचानक लगी आग में दो बसें, परिसर में रखा सोफा, डाइनिंग टेबल सहित अन्य फर्नीचर एवं बस की बॉडी बनाने वाली लाखों रुपए की मशीनें, बैटरी व अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
टला हादसा : ये गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। क्योंकि जिस परिसर में बस बॉडी मेकिंग का काम होता था उसी के सामने व आसपास लकडी ये टाल भी संचालित हो रहे थे। आग टाल को लपेटे में ले पाती उसके पहले ही आग बुझा दी गई।




