
भोपाल | राजधानी के कोलार इलाके में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बस रोकने की बात पर ट्रैफिक पुलिस और रेल कर्मचारी आपस में भिड़ गए। डी-मार्ट के सामने हुई इस झड़प में दोनों पक्षों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई और पुलिसकर्मियों द्वारा रेलकर्मियों को थप्पड़-घूंसे मारने की बात भी सामने आई है। इस हंगामे के चलते करीब आधे घंटे तक कोलार रोड पर लंबा जाम लगा रहा।

विवाद की जड़: प्रतिबंध के बावजूद बस का प्रवेश
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक आरक्षक सरजीत यादव ने एक बस को रोका। शहर में शाम 5 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। जब आरक्षक ने बस रोकने का कारण बताया और नंबर प्लेट स्पष्ट न होने की बात कही, तो बस में सवार रेलकर्मी भड़क गए और बहस शुरू हो गई।


सड़क पर संग्राम और वायरल वीडियो
देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। वीडियो में रेलकर्मी और पुलिसकर्मी एक-दूसरे की कॉलर पकड़ते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का आरोप है कि रेलकर्मियों ने अभद्रता की, वहीं रेलकर्मियों का कहना है कि आरक्षक ने उनके साथ बदसलूकी की। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम दो रेलकर्मियों को पकड़कर थाने ले गई।
जांच के आदेश: डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।




