इंदौर। शहर के विजयनगर थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी की महिला कर्मचारी के साथ उसके ही मैनेजर द्वारा छेड़छाड़ और धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर की अभद्रता
पुलिस के अनुसार, पीड़िता विजयनगर क्षेत्र की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। आरोप है कि बीते 28 जनवरी की रात करीब 8:30 बजे कंपनी का मैनेजर हिमांशु दुबे बिना किसी सूचना के पीड़िता के घर पहुंच गया। वहां सामान्य बातचीत के दौरान आरोपी ने गलत नीयत से महिला के साथ हाथपाई और छेड़छाड़ की कोशिश की। महिला द्वारा शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी उसे धक्का देकर मौके से भाग निकला।
नौकरी से निकलवाने की दी धमकी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद जब उसने ऑफिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी उसे धमकाने लगा। मैनेजर ने अपने रसूख का हवाला देते हुए कहा कि वह कंपनी में काफी पुराना है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। उसने महिला को करियर बर्बाद करने और नौकरी से निकलवाने की भी धमकी दी।
पुलिस का पक्ष: “महिला की शिकायत पर आरोपी हिमांशु दुबे के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।”




