इंदौर। शहर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी के नाम पर जालसाजी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मान सरोवर कॉलोनी में प्लॉट दिलाने के नाम पर एक जालसाज ने दवा बाजार के कारोबारी से करीब 50 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी दस्तावेज दिखाकर किया सौदा
मुराई मोहल्ला निवासी और मेडिकल स्टोर संचालक गुछित रघुवंशी ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2025 में उनकी मुलाकात केट रोड निवासी अंजन श्रीवास्तव से हुई थी। अंजन ने मान सरोवर कॉलोनी के दो प्लॉटों (नंबर 283 और 285) को अपना बताकर 1 करोड़ 5 लाख रुपए में सौदा तय किया था। भरोसे में आकर रघुवंशी ने चेक और नगद के माध्यम से उसे 50 लाख रुपए का भुगतान कर दिया।
रजिस्ट्रार ऑफिस में खुला राज
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब फरियादी ने अगस्त 2025 में उप पंजीयक कार्यालय से प्लॉट के असली कागजात निकलवाए। जांच में पता चला कि जिन प्लॉटों का सौदा अंजन ने किया था, वे असल में किसी और के नाम पर दर्ज हैं। कागजात फर्जी पाए जाने पर जब रघुवंशी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने केवल 15 लाख रुपए लौटाए और बाकी की रकम देने से साफ मना कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
संयोगितागंज पुलिस के अनुसार, आरोपी अंजन ने न केवल गुछित रघुवंशी बल्कि उनके कुछ अन्य परिचितों के साथ भी इसी तरह पैसों का लेनदेन किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।



