भोपाल। राजधानी के एमपी नगर इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हरदा निवासी 42 वर्षीय श्रवण कुमार शासकीय प्रेस के सामने बिजली के एक ऊंचे खंभे पर चढ़ गया। वह खतरनाक रूप से हाई टेंशन तारों के पास पहुंच गया और उन पर चलता हुआ भी दिखाई दिया।

क्या था मामला?
श्रवण कुमार हरदा पोस्ट ऑफिस में अस्थायी कर्मचारी था। करीब पांच साल पहले एक आपराधिक मामले में नाम आने के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। वह अपनी बहाली की मांग को लेकर गुरुवार सुबह भोपाल पहुंचा था। जब वरिष्ठ अधिकारियों ने उससे मुलाकात नहीं की, तो आक्रोशित होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गनीमत रही कि मेंटेनेंस कार्य के चलते उस लाइन में पहले से ही बिजली बंद थी, जिसे पुलिस ने उतरने तक बंद रखने के निर्देश दिए थे। पुलिस की समझाइश के बाद करीब 57 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




