भोपाल। थाना अशोका गार्डन क्षेत्र में सोमवार देर रात घर से भटककर निकले एक 5 वर्षीय बालक को डायल-112 की टीम ने सकुशल परिजनों तक पहुँचाया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि औद्योगिक क्षेत्र गोविंदपुरा गेट के पास एक छोटा बच्चा रो रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 के प्रधान आरक्षक रुपेश व्यास और पायलट केदार सिंह मौके पर पहुँचे। जवानों ने बच्चे को सुरक्षित अपनी गाड़ी में लिया और काफी तलाश के बाद जब परिजन नहीं मिले, तो उसे थाने ले आए।
पुलिस ने आसपास के थानों और रात्रि गश्त दल को सूचना दी। कुछ समय बाद ही गोविंदपुरा थाना क्षेत्र से उसके परिजनों की जानकारी मिली। पुलिस ने बालक की पहचान सुनिश्चित कर उसे सकुशल माता-पिता को सुपुर्द कर दिया। मासूम को वापस पाकर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।



