रायसेन। जिले के ग्राम सालेरा में खेती का काम करते समय 53 वर्षीय किसान इमरत सिंह लोधी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वे धान की मड़ाई के दौरान खेत में बिजली का स्टार्टर ठीक कर रहे थे। अचानक बिजली आने से वे उसकी चपेट में आ गए। परिजन उन्हें तुरंत विदिशा जिला अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दस्तावेजों में उम्र को लेकर हंगामा
अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान तब विवाद की स्थिति बन गई, जब दस्तावेजों में किसान की उम्र 60 वर्ष दर्ज कर दी गई। परिजनों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उनकी वास्तविक उम्र 53 वर्ष है और सबूत के तौर पर आधार कार्ड पेश किया। पुलिस ने बाद में जानकारी में सुधार किया। इसके अलावा, परिजनों ने पोस्टमार्टम में हुई देरी को लेकर भी नाराजगी जताई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




