डिंडौरी:
जिले के किसलपुरी गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 30 वर्षीय इंजीनियर सौरभ पाठक ने बुधवार सुबह सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली।
पिता के पैर छूकर दी जानकारी
परिजनों के अनुसार, सौरभ सुबह मॉर्निंग वॉक से लौटने के बाद सीधे अपने सो रहे पिता के पास पहुंचा। उसने पिता के पैर छूकर बताया कि उसने जहर खा लिया है। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक साल तक नहीं भेजने की थी बात
मृतक के पिता सतीश पाठक ने बताया कि सौरभ की शादी दिसंबर 2025 में शहडोल निवासी काजल से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पारिवारिक कलह शुरू हो गई थी। 3 मई को पत्नी अपने भाई के साथ मायके चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया। पिता का आरोप है कि लड़की पक्ष ने एक साल तक उसे भेजने से मना कर दिया था, जिसके चलते सौरभ काफी समय से तनाव में था।
पुलिस कर रही है जांच
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुई व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बयानों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




