देवास (मध्य प्रदेश): शहर के स्टेशन रोड स्थित एक शराब दुकान पर हुए विवाद के बाद पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण वर्मा सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी पर दुकान के कर्मचारी के साथ मारपीट करने और अवैध वसूली का प्रयास करने का गंभीर आरोप है।
फरियादी सतीश कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात आरोपियों ने दुकान का शटर गिराकर अंदर मौजूद कर्मचारी को जबरन बाहर निकाला और उसके साथ झूमाझटकी तथा मारपीट की। यादव के अनुसार, आरोपी दुकान का संचालन करने की एवज में लगातार रुपयों की मांग कर रहे थे। इस मामले में कोतवाली थाने में शुक्रवार देर रात केस दर्ज किया गया था।
थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को मुख्य आरोपी पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण वर्मा के अलावा अरुण, अंकित भंडारी और दिनेश उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।



