भोपाल। राजधानी के स्टेशन बजरिया थाना क्षेत्र में शराब पिलाने से मना करने पर चार युवकों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को हमीदिया अस्पताल से सूचना मिली थी कि परिजन दीपक मीणा नाम के युवक को घायल अवस्था में इलाज के लिए लाए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
जांच, गवाहों के बयान और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला (धारा 103(1), 3(5) बीएनएस) दर्ज किया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर फरार होने की फिराक में लगे चारों आरोपियों—रिंशु यादव, शंकर यादव, रिति यादव और सिद्धार्थ उर्फ गुन्ना को दबोच लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी व उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।



