सीहोर। मंडी थाना पुलिस ने ग्रामीण इलाकों में बिजली के तार चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.5 क्विंटल बिजली के तार, एक मोटरसाइकिल, रस्सी और कटर सहित लगभग 2.50 लाख रुपए का माल बरामद हुआ है।
15 अगस्त को भटोनी, जताखेड़ा और लालाखेड़ी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार बिजली तार चोरी होने की शिकायतें मिली थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य मुकेश शाक्य, उत्तम शाक्य और रंजीत ठाकुर दिन में बाइक से घूमकर रेकी करते थे और रात के अंधेरे में रस्सी-कटर की मदद से तार काटकर फरार हो जाते थे। चोरी किए गए तार वे मछली बाजार निवासी कबाड़ी सलमान कुरैशी को बेचते थे।
पुलिस ने चारों आरोपियों—मुकेश शाक्य (38), उत्तम शाक्य (54), रंजीत ठाकुर (60) और सलमान कुरैशी (36)—को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संपर्कों की पड़ताल कर रही है।




