भोपाल। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय पांचवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इलाके के ही 52 वर्षीय एक व्यक्ति ने बच्ची को खाने की चीज दिलाने का झांसा देकर सुलभ शौचालय में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की आवाज सुनकर पहुंचे भाई को देखकर आरोपी मौके से भाग निकला। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को आरोपी बच्ची को बातों में उलझाकर घर के पास बने सुलभ शौचालय ले गया और ज्यादती की। रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पास ही मौजूद बच्ची का भाई मौके पर पहुंचा। उसे देखते ही आरोपी भागने लगा। भाई ने घर पहुंचकर तुरंत परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजन बच्ची को लेकर कमला नगर थाने पहुंचे।
पुलिस ने शनिवार रात ही पॉक्सो और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।



