भोपालखुद को ट्रेनी IAS और मध्य प्रदेश पर्यटन (MPT) की एडिशनल डायरेक्टर बताने वाली तृप्ति सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बागसेवनियां थाने में उसके खिलाफ एक और धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। इस बार बालाघाट के एक युवक से होटल-रिसोर्ट लीज पर दिलाने और नौकरी लगवाने के नाम पर 39.17 लाख रुपए ठगने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, बालाघाट के रहने वाले रोहित लिल्हारे ने शिकायत दर्ज कराई थी। तृप्ति के भाइयों, सुधांशु सिंह और प्रखर सिंह ने भी उसके IAS होने का झांसा देकर पीड़ित का भरोसा जीता था। आरोपियों ने MPT संपत्ति लीज के नाम पर 35.30 लाख और नौकरी के नाम पर 3.87 लाख रुपए ऐंठे।
काम न होने पर जब रकम वापस मांगी गई, तो सिर्फ 1 लाख रुपए लौटाए गए और बाकी 38.17 लाख रुपए हड़प लिए गए। पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और फर्जी दस्तावेजों व बैंक खातों की जांच कर रही है। अन्य पीड़ितों के भी सामने आने की संभावना है।




