कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन और आबकारी विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में शनिवार को शहर में अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। इस दौरान ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब बनाते हुए हाथ भट्ठियां पकड़ी गईं, वहीं शहर में नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से संचालित अहाते पर भी शिकंजा कसा गया।
कार्रवाई के दौरान सामने आए प्रमुख मामले इस प्रकार हैं:
- रसूलिया भानपुर में हाथ भट्ठी पकड़ी: नीलबड़ क्षेत्र से सटे रसूलिया भानपुर गांव में औचक दबिश के दौरान घर के अंदर दो चलती हुई हाथ भट्ठियां मिलीं। मौके से भारी मात्रा में महुआ लाहन और अवैध शराब बनाने की सामग्री जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए।
- बैरसिया रोड पर महिला तस्कर फरार: बैरसिया रोड स्थित तरावली जोड़ पर सड़क किनारे पन्नियों में रखकर अवैध शराब बेची जा रही थी। आबकारी टीम को देखते ही मौके पर मौजूद महिला फरार हो गई। टीम ने वहां से 15 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा जब्त की।
- चांदबड़ में वाइन शॉप पर जुर्माना: रहवासियों की शिकायत पर नगर निगम और पुलिस टीम ने शनिवार रात विजयनगर चांदबड़ स्थित लाइसेंसी वाइन शॉप पर दबिश दी। दुकान संचालक द्वारा नियमों के विरुद्ध अवैध रूप से अहाता चलाकर शराब पिलाई जा रही थी, जिस पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।






