भोपाल में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल डीएसपी शिवकुमार श्रीवास्तव का रविवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। 11 सितंबर को श्यामला हिल्स सुरक्षा वाहिनी में पदस्थ डीएसपी श्रीवास्तव को एक भारी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें शहर के नर्मदा ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। रविवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वे सुरक्षा वाहिनी में पीएसओ (PSO) कोर्स के पर्यवेक्षक अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी थी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। इस दुखद घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।




