इंदौर
गांधी नगर इलाके के आईडीए मल्टी में शनिवार रात एक मकान की जमीन अचानक 1 से 2 फीट अंदर धंस गई। घटना के समय घर में सो रहा परिवार तेज धमाके जैसी आवाज से घबराकर बाहर आ गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गांधी नगर पेट्रोल पंप के पास स्थित इस तीन मंजिला बिल्डिंग में कन्हैया अपने परिवार के साथ रहते हैं। रात में अचानक धमक होने पर उन्होंने लाइट जलाई तो कमरे की टाइल्स नीचे धंसी मिलीं। भूकंप की आशंका से परिवार तुरंत बच्चों को लेकर सड़क पर आ गया।
परिवारों में दहशत और अधिकारियों का दौरा
इस तीन मंजिला इमारत में 9 से ज्यादा परिवार रहते हैं। आसपास आईडीए की करीब 10-12 मल्टियां हैं, जिससे घटना के बाद अन्य रहवासियों में भी भारी दहशत है। रविवार सुबह आईडीए और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए बिल्डिंग की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।
चूहों द्वारा जमीन खोखली करने की आशंका
प्राथमिक तौर पर जमीन धंसने की वजह चूहों को माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आसपास खाली जमीन होने के कारण वहां चूहों का आतंक ज्यादा है। आशंका है कि चूहों द्वारा बिल बनाकर जमीन खोखली करने और बारिश के कारण यह धंस गई। हालांकि, असल वजह अधिकारियों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।




