ग्वालियर
बहाड़ापुर थाना क्षेत्र में मोबाइल गुम होने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई (UPI) के जरिए एक निजी फर्म कर्मी के बैंक खाते से 1.74 लाख रुपए पार कर दिए। पीड़ित ने मोबाइल गुम होने की शिकायत तुरंत थाने में दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई न करने के कारण ठगों को मौका मिल गया।
घटना 11 सितंबर की शाम शब्द प्रताप आश्रम इलाके की है। काली माता कोटेश्वर रोड निवासी 40 वर्षीय अजीत सिंह जब बाजार से लौट रहे थे, तब उनका मोबाइल कहीं गिर गया। मोबाइल में सभी ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स एक्टिव थे और वही सिम कार्ड बैंक खाते से लिंक था। उन्होंने तुरंत बहोड़ापुर थाने पहुंचकर मोबाइल गुम होने की सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
रात करीब 11:30 बजे मोबाइल पाने वाले शातिर ने यूपीआई का गलत इस्तेमाल कर एसबीआई खाते से 1,74,328 रुपए ट्रांसफर कर लिए। अगले दिन जब अजीत बैंक में कैश निकालने पहुंचे, तब खाते में केवल 100 रुपए बचे होने पर ठगी का पता चला। इसके बाद साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और साइबर सेल की सलाह:
मोबाइल गुम या चोरी होने पर केवल थाने में सूचना देना काफी नहीं है। तुरंत अपने बैंक को कॉल करके नेट बैंकिंग और यूपीआई सेवाएं ब्लॉक कराएं, तथा टेलीकॉम ऑपरेटर से संपर्क कर अपनी सिम का तुरंत ब्लॉक करवाएं।




