भोपाल
रातीबड़ थाना क्षेत्र के कलखेड़ा गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बंद खदान के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय शोएब (पिता इकबाल खान) की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शोएब सुबह अपने एक दोस्त के साथ घर के पास ही स्थित पानी से भरे गड्ढे में मछली पकड़ने गया था। मछली पकड़ने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा समाया।
साथी बच्चे ने घबराकर गांव वालों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी तलाश के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रातीबड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर में औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है।




