ग्वालियर
ग्वालियर में सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुरार, ठाठीपुर और विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 45 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने, एक आईफोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
ऐसे देते थे वारदातों को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी दिन में सूने पड़े मकानों की रैकी करते थे और रात के समय ताले तोड़कर हाथ साफ कर देते थे।
- मुरार थाना: पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नदी संतर के पास से सोनू उर्फ सोना जाटव और सूरज जाटव को दबोचा। पूछताछ में इन्होंने सूरी नगर के एक सूने मकान से चोरी की बात कबूली। इनकी निशानदेही पर करीब 37 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। इनका एक साथी बंटू फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
- ठाठीपुर थाना: नेहरू कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने अजय उर्फ चेला रजक को गिरफ्तार किया। परिवार के जबलपुर जाने का फायदा उठाकर उसने घर के ताले तोड़े थे। आरोपी के किराए के मकान से सोने की झुमकी, आईफोन और एक चोरी की बाइक सहित कुल 2 लाख रुपए का माल बरामद हुआ।
- विश्वविद्यालय थाना: महलगांव इलाके में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने राहुल उर्फ हड्डी को उसकी ससुराल से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर बेंदा, झाले, टॉप्स, अंगूठी और वेशर जैसे सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख रुपए है।
पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों के बारे में भी सुराग मिल सके।



