देवास
शहर के शंकरगढ़ बायपास पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। भोपाल से सागर की तरह ही देवास में भी लापरवाही ने मासूमों की जान जोखिम में डाल दी। बायपास पर एक तेज रफ्तार ट्रक की रगड़ लगने से निजी स्कूल बस अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे पिकअप वाहन से जा टकराई।
गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त बस में सवार 8 से 10 बच्चों में से किसी को भी खरोंच तक नहीं आई। हालांकि, इस जोरदार टक्कर में स्कूल बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिकअप वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
- ड्राइवर फरार: हादसे के बाद मौका पाकर ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
- पुलिस बयान: औद्योगिक थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बस का संतुलन बिगड़ा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।




