मध्य प्रदेश दौरे से ठीक पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर कड़े प्रहार किए हैं। उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में हालात बेहद चिंताजनक हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीमारी, कुकुपोषण और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की जान जा चुकी है, लेकिन सरकार की कार्रवाई बेहद सुस्त रही है। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दीये जलाने और उत्सव मनाने से फुर्सत मिल गई हो, तो राज्य की जमीनी हकीकत भी देखनी चाहिए।
इसके साथ ही, उन्होंने मिलावटी दवाइयों, जहरीली अवैध शराब और चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था का जिक्र करते हुए मध्य प्रदेश सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट और कुशासित सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था सबसे ज्यादा बर्बाद है, जिससे गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े और महिलाएं समेत हर वर्ग परेशान है।
युवाओं से जुड़ने के लिए राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आ रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे वेबसाइट या वीडियो के जरिए अपनी समस्याएं साझा करें और खुलकर बताएं कि उन्हें अपने सपने पूरे करने से क्या रोक रहा है।




