रीवा:
चाकघाट नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ शंखधर पांडेय को एक महिला कर्मचारी से फोन पर अमर्यादित और अशोभनीय बातचीत के मामले में निलंबित कर दिया गया है। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने बुधवार को यह आदेश जारी किए।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच
मंगलवार को महिला कर्मचारी ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि अधिकारी ने फोन पर अनैतिक अपेक्षा रखी और मांग पूरी न होने पर उसे नौकरी से हटाने, वेतन रोकने तथा ईपीएफ राशि न जमा करने की कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम द्वारा की गई जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए, जिसके बाद कमिश्नर कार्यालय को निलंबन का प्रस्ताव भेजा गया।
मुख्यालय रहेगा रीवा
कमिश्नर के आदेशानुसार, निलंबन अवधि के दौरान शंखधर पांडेय का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन कार्यालय रीवा रहेगा। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत की गई है। वायरल ऑडियो की अंतिम पुष्टि और अन्य आरोपों की जांच अभी जारी है।



