भोपाल
राजधानी में जुआरियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। चौक बाजार क्षेत्र में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारकर सवा दो लाख रुपए नकद और एक दर्जन से अधिक जुआरियों को पकड़े जाने के बाद लापरवाही बरतने पर कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़ को निलंबित कर दिया गया है।
उनके साथ बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत पर भी गाज गिरी है। डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने तीनों को लाइन अटैच करते हुए निलंबित कर दिया है।
जुआरियों को संरक्षण देने के लगे थे आरोप
एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने अपनी टीम के साथ चौक बाजार में दबिश दी थी। जांच में यह बात सामने आई कि क्षेत्र में लंबे समय से जुआ चल रहा था और इसकी जानकारी होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर इसे रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। आला अधिकारियों के बार-बार निर्देशों के बाद भी लापरवाही बरतने और जुआरियों को संरक्षण दिए जाने के आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह सख्त कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में जुए के मामलों में थाना प्रभारी पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव को भी इसी तरह के आरोपों में निलंबित किया जा चुका है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी गहराई से जांच कर रही है।




