भोपाल:
राजधानी के एमपी नगर इलाके में सस्ते दामों पर प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 2.24 करोड़ रुपए की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों और एजेंटों ने गिरवी रखी प्रॉपर्टी को नीलामी में दिलाने का झांसा देकर फरियादी से यह रकम हड़प ली। एमपी नगर पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद कंपनी के तीन अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एजेंटों के जरिए दी गई थी नीलामी की जानकारी
पुलिस के मुताबिक रिवेरा टाउन निवासी मनेंद्र प्रताप सिंह (45) ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पिरामल कैपिटल एंड हाउसिंग फाइनेंस कंपनी की गिरवी रखी प्रॉपर्टी को बिड प्रक्रिया के जरिए बेचने की बात कंपनी से जुड़े एजेंटों ने उन्हें बताई थी। सस्ते दाम में प्रॉपर्टी मिलने की उम्मीद में मनेंद्र ने कंपनी द्वारा बताए गए खातों में अलग-अलग किस्तों में कुल 2.24 करोड़ रुपए जमा करा दिए।
न प्रॉपर्टी मिली, न ही वापस हुई रकम
रकम जमा होने के बाद भी जब फरियादी को न तो संबंधित प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराई गई और न ही उनकी जमा राशि वापस लौटाई गई, तब ठगी का अहसास हुआ। लंबे समय तक चक्कर काटने के बाद पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई।
मामले की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने कंपनी के अधिकारी विश्वेश चंदेल, सुनील वैश्य और अभय के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और यह भी खंगाल रही है कि इस फर्जीवाड़े में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।




