दमोह/सागर
सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से 39 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरा प्रदेश शोक में डूबा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद पीड़ित परिवारों से मिलकर ढांढस बंधा चुके हैं, लेकिन दूसरी तरफ दमोह में एक भाजपा नेता ने इस भीषण त्रासदी का मानो मजाक बना दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष के पति की बर्थडे पार्टी में बंडा कांड को लेकर आपत्तिजनक गाने पर युवतियों से डांस कराने का वीडियो सामने आने के बाद सियासी घमासान मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
- बर्थडे पार्टी में जश्न और डांस: दमोह जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल के पति और भाजपा नेता गौरव पटेल का जन्मदिन हाल ही में मनाया गया। इस पार्टी का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
- संवेदनशील मुद्दे पर फूहड़ गाना: वायरल वीडियो में एक बुंदेली गायक मंच पर गाना गा रहा है और युवतियां डांस कर रही हैं। गाने के बोल थे— “पउआ न पीयो घने-घने, बंडा में मर गए केउ जने…”
- दिग्गजों की मौजूदगी की चर्चा: बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद भी मौजूद थे, हालांकि वीडियो सामने आने के बाद पार्टी असहज स्थिति में आ गई है।
भाजपा नेता ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने और चौतरफा आलोचना होने के बाद भाजपा नेता गौरव पटेल ने सफाई देते हुए माफी मांग ली है। उन्होंने मीडिया से कहा कि कलाकारों का मकसद किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। गायक के जरिए लोगों को शराब न पीने की अपील की जा रही थी। इसके बावजूद यदि किसी को बुरा लगा है और इस घटना से आहत हुए हैं, तो वे इसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं।



