भोपाल
राजधानी से सटे बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के अचारपुरा ग्राम पंचायत के परेवाखेड़ा-अहमद बस्ती में विकास के दावों की पोल खोलती एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे द्वारा जारी वीडियो के मुताबिक, इस इलाके में जमीन के नीचे पाइपलाइन होने के बावजूद लोगों को छतों और बिजली के खंभों के सहारे हवा में पाइपलाइन डालकर पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में बनी पानी की टंकी और पाइपलाइनों में 10 से 15 दिनों तक पानी की सप्लाई नहीं होती। मजबूरी में लोगों को निजी बोरिंग से पानी लेना पड़ रहा है।
मुख्य समस्याएं:
- जमीन और मकान का अधिकार: वर्षों से रह रहे परिवारों के पास पहचान पत्र होने के बावजूद स्थायी पट्टे नहीं हैं।
- पेयजल संकट: बिजली के खंभों के सहारे पाइप डालकर पानी ढोने को मजबूर हैं ग्रामीण।
- जल निकासी का अभाव: नालियों के न होने से हर तरफ कीचड़ और गंदा पानी जमा है, जिससे मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
कांग्रेस नेता ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से सवाल किया है कि वर्षों से रह रहे इन नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन का अधिकार क्यों नहीं मिल रहा है?



