ग्वालियर। कंपू थाना क्षेत्र की ललितपुर कॉलोनी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी युवती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, वहीं घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फोन पर मना करने के बाद भी पहुंची कमरे पर:
मुरैना जिले के अंबाह का रहने वाला धर्मेंद्र प्रजापति ललितपुर कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता है। पीड़ित के मुताबिक, दो साल पहले उसके और प्रीति प्रजापति के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले दो साल से दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं था।
घटना की रात प्रीति ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया। धर्मेंद्र के मना करने के बावजूद वह उसके कमरे पर आ गई। लगभग एक घंटा रुकने के बाद युवती ने अचानक बैग से कैंची निकाली और उस पर हमला कर दिया।
मकान मालिक ने बचाई जान:
हमले के बाद आरोपी वहीं मौजूद थी। घबराए युवक ने आवाज देकर मकान मालिक को बुलाया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई। धर्मेंद्र का यह भी आरोप है कि युवती ने उससे कहा था कि उसके साथ रह रहे मौजूदा प्रेमी सोनू यादव ने उसे मारकर आने के लिए कहा था। पुलिस इस बयान और मामले के अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।




