भोपाल:
दशहरा पर्व के अवसर पर 20 अक्टूबर को शहर के करीब 18 प्रमुख मैदानों पर भव्य रूप से रावण दहन किया जाएगा। इसके साथ ही कई जगहों पर पथ संचलन और श्री रामविजय रथ यात्रा भी निकाली जाएगी। इसे देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है।
दशहरे के दिन दोपहर 2:00 बजे से शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों—जैसे लालघाटी, खजूरी बायपास, मुबारकपुर, करोंद, भानपुर, पटेलनगर और 11 मील—से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
छोला दशहरा मैदान की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात नियंत्रित रहेगा। भानपुर और बेस्टप्राइज तिराहे से वाहन वैकल्पिक मार्गों जैसे जे.पी. नगर और डीआईजी बंगला का उपयोग कर सकेंगे। विदिशा और बैरसिया की तरफ से आने वाली बसें शाम 6:00 बजे के बाद नादरा या पुतलीघर बस स्टैंड तक नहीं जाएंगी। बांके बिहारी मंदिर से शुरू होकर छोला दशहरा मैदान तक जाने वाली श्री रामविजय रथ यात्रा के दौरान संबंधित मार्गों पर समय-समय पर ट्रैफिक रोका जाएगा। रथ यात्रा के दौरान भोपाल टॉकीज और अल्पना तिराहे से नादरा की तरफ आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
भेल दशहरा मैदान और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ को देखते हुए चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर, हबीबगंज मस्जिद तिराहा और गुलाब उद्यान के वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, पर्व के दिन पुराने शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक लगभग 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे, जिससे इन क्षेत्रों में यातायात का दबाव अधिक रहेगा।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए परिवर्तित मार्गों का उपयोग करें। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर नागरिक यातायात हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क कर सकते हैं।






