सिरोंज:
स्थानीय संजीवनी अस्पताल में 20 अक्टूबर की रात 80 वर्षीय रति बाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने और एक लाख रुपए वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका पिछले 8-10 दिन से अस्पताल में पेट और छाती के दर्द का इलाज करा रही थीं। उनकी बेटी प्रीति और दामाद ने बताया कि उन्होंने डॉक्टर अजय वर्मा से मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल ले जाने की बात कही थी, लेकिन डॉक्टर ने दो दिन में यहीं ठीक करने का भरोसा दिया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने 10 दिन तक इलाज चलाया और इस दौरान एक लाख रुपए खर्च हो गए।
वहीं, दूसरी ओर डॉक्टर अजय वर्मा ने अपनी सफाई में दावा किया है कि उन्होंने परिजनों को पहले ही मरीज को भोपाल ले जाकर दिखाने की सलाह दी थी, लेकिन परिजन यहीं इलाज कराने की जिद पर अड़े रहे। इसी बीच इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।



