मंदसौर: जिले के मुलतानपुरा इलाके में पुराने लेनदेन के विवाद को लेकर चाचा-भतीजे पर रास्ते में रोककर तलवार से कातिलाना हमला करने का मामला सामने आया है। इस दुस्साहसिक वारदात में आबिद गुल्ला (35) के सिर पर गंभीर चोट आई है और उन्हें 10 टांके लगे हैं, जबकि उनके भतीजे अरशान गुल्ला का पैर फ्रैक्चर हो गया है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल आबिद और अरशान मुलतानपुरा के ही रहने वाले हैं। परिजनों के मुताबिक, दोनों बुधवार को मोटरसाइकिल से आबिद की मां की माइंस पर जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों—इजहार, उसके बेटे मकसूद, तालिब, शाहरुख और मोहसिन ने उन्हें घेर लिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पुराने लेनदेन के नाम पर रुपयों की मांग की, विरोध करने पर गाली-गलौज की और तलवार से हमला कर दिया। आबिद के पिता ने यह भी बताया कि हमलावरों के पास बंदूक भी थी।
दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था जिसका समझौता हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद दूसरा पक्ष आए दिन झगड़ा करता था। इस घटना के बाद से परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही यशोधर्मन थाना पुलिस तुरंत जिला अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। सहायक उप निरीक्षक जगदीश ठाकुर ने बताया कि पुलिस पीड़ितों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



