इंदौर: शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में शेयर बाजार में ट्रेडिंग और भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 15 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने पहले वॉट्सऐप के जरिए संपर्क किया और फिर एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाकर उसमें मुनाफा दिखाया। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो विभिन्न बहानों से उनसे कई किश्तों में रुपए जमा करवा लिए गए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवती और बैंक खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कीम नंबर 78 निवासी विश्वामित्र दुबे ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि 1 सितंबर को उनके पास एक अनजान नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया था। फोन करने वाली युवती ने अपना नाम शिखा बताकर शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। युवती के कहने पर उन्होंने ‘निफ्टी पीडब्ल्यूएम’ (Nifty PWM) नाम का ऐप डाउनलोड किया। ऐप पर लगातार मुनाफा दिखाने के साथ ही उन्हें दो आईपीओ अलॉट होने का झूठा दावा भी किया गया।
जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने चाहे, तो जालसाजों ने अलग-अलग प्रक्रियाओं का हवाला देकर विभिन्न बैंक खातों में करीब 15 लाख रुपए जमा करवा लिए। दस दिन बीतने के बाद भी जब राशि वापस नहीं आई, तो ठगी का खुलासा हुआ।
साइबर सेल में शिकायत के बाद लसूड़िया पुलिस ने कॉलर युवती और संबंधित बैंक खाताधारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब ऐप और बैंक खातों की डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।




