भोपाल (25 अक्टूबर 2026): कृषि भूमि का सौदा कर 30 लाख रुपये हड़पने और बैनामा (रजिस्ट्री) न कराने वाले एक आरोपी को गुनगा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फरियादी दीपक मिश्रा (निवासी बावड़िया कलां, भोपाल) ने 8 अगस्त 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पीपलखेड़ा की करीब 6.36 एकड़ जमीन का नोटरीकृत अनुबंध हुआ था। इसके एवज में आरोपी लक्ष्मण सिंह राजपूत ने चेक और नकदी के जरिए कुल 30 लाख रुपये बयाना राशि ली थी, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस लौटाए।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। बैंक स्टेटमेंट और दस्तावेजों के आधार पर साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण सिंह राजपूत (उम्र 44 वर्ष, निवासी पीपलखेड़ा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पैसे खर्च करना कबूल किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रिंकू जाटव और उनकी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।



