मंगलवार सुबह राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित VIP रोड पर राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच आरजेपीवी के विद्यार्थियों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के खंभे से जा टकराई। मोड़ पर बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। गनीमत यह रही कि खंभे का सहारा मिलने से बस पलटने से बाल-बाल बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस दुर्घटना में विद्यार्थियों और बस स्टाफ समेत करीब 10 से 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में बसंत नाम के छात्र के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि खुशी नाम की छात्रा की आंख के ऊपर चोट आई है। इनके अलावा एक अन्य छात्र को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायल विद्यार्थियों की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच है, जिन्हें तुरंत हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। हादसे में बस में ड्यूटी पर तैनात तीन स्टाफ सदस्य भी घायल हुए हैं।
कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि यह बस सुबह 12 नंबर क्षेत्र से छात्रों को लेकर जा रही थी। हादसे के बाद तुरंत बस को सीधा कर उसमें सवार सभी लोगों सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस तेज रफ्तार और हादसे के अन्य कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।




