पन्ना: जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को आबकारी टीम ने पन्ना-अजयगढ़ मार्ग पर दहलान चौकी के पास एक बिना नंबर की बाइक से 100 पाव (18 बल्क लीटर) देशी शराब बरामद की।
मौके से दो आरोपियों—अतुल पाल (निवासी टीकमगढ़) और सत्यम तिवारी (निवासी छतरपुर, हाल निवास पन्ना)—को गिरफ्तार किया गया। जब्त की गई शराब और मोटरसाइकिल की कुल कीमत 72,600 रुपए आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
विशेष अभियान तेज
प्रभारी कलेक्टर उमराव सिंह मरावी और जिला आबकारी अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सागर जिले के बंडा जहरीली शराब कांड के बाद इस अभियान को और अधिक सख्त कर दिया गया है। विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक कुल 72 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा 618 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।
अधिकारियों की अपील: अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या परिवहन की सूचना तुरंत आबकारी विभाग को दें, ताकि जिले को सुरक्षित रखा जा सके।




