विदिशा: रविवार देर रात विदिशा-सागर बायपास पर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि टक्कर लगते ही कार के एयरबैग खुल गए, जिससे झारखंड के रहने वाले एक दंपती की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद ड्राइवर स्कार्पियो लेकर मौके से फरार हो गया।
कार सवार अंजू कुमारी ने बताया कि वे अपने पति के साथ मार्ट से सामान खरीदकर धीमी रफ्तार में लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।
बंपर गार्ड उठाने आए युवक की पिटाई
टक्कर के दौरान स्कार्पियो की नंबर प्लेट लगा बंपर गार्ड टूटकर सड़क पर गिर गया था। कुछ देर बाद जब एक युवक उसे उठाने आया, तो वहां मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार ड्राइवर और बंपर गार्ड उठाने आए युवक दोनों की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में ड्राइवर के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।




