भोपाल, 30 अक्टूबर
राजधानी भोपाल के खजूरी थाना क्षेत्र के बरखेड़ा बोंदर इलाके में करवा चौथ के पवित्र पर्व पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। व्रत के दिन आपसी नाराजगी और उपजे भावनात्मक तनाव के चलते 22 वर्षीय शिवानी और उसके 26 वर्षीय पति सूरज अहिरवार ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। एक ही रात में दंपती की मौत से पूरे परिवार और गांव में मातम छा गया है।
व्रत खोलने के बाद बिना बताए बाहर गए थे पति
पुलिस के अनुसार, शिवानी ने पति सूरज की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था। रात में दोनों ने साथ मिलकर व्रत खोला और भोजन किया। इसके बाद रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सूरज पत्नी को बिना बताए घर से बाहर चला गया। त्योहार के दिन पति के इस तरह चले जाने से शिवानी नाराज हो गई और वह चाहती थी कि पति इस खास दिन उसके साथ समय बिताए।
बेडरूम में फंदे पर मिला पत्नी का शव
गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे जब सूरज घर लौटा, तो बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया, तो उसने दरवाजे के छेद से झांककर देखा। अंदर शिवानी का शव फंदे पर लटका हुआ था। उसने तुरंत इसकी जानकारी अपनी दादी और परिजनों को दी। दरवाजा तोड़कर शिवानी को नीचे उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
“शिवानी नहीं तो मैं भी नहीं” कहकर निकला था पति
पत्नी की इस अचानक मौत से सूरज बेहद टूट गया और गहरे सदमे में आ गया। परिजनों के मुताबिक, वह “शिवानी नहीं तो मैं भी नहीं” कहते हुए घर से निकल गया। इसके बाद ग्रामीण और परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन सुबह करीब पांच बजे घर से महज 100 मीटर की दूरी पर एक पेड़ पर सूरज का भी शव फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही खजूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एसआई बनवारी लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक नाराजगी और तनाव की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।




