भोपाल: राजधानी के नजीराबाद थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 40 हजार रुपए आंकी गई है।
नजीराबाद पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़ाकला में दो संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंगीलाल योगी (60) और उनके बेटे राजू योगी, निवासी ग्राम गढ़ाकला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वे यह अवैध गांजा कहां से लाए थे और किसे बेचने वाले थे।




