भोपाल। राजधानी के रतुआ पठार गांव में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ एक अनोखी और बड़ी कार्रवाई की। गांव में एक व्यक्ति ने जमीन के अंदर ड्रम गाड़कर उनमें भारी मात्रा में अवैध शराब छुपा रखी थी। ऊपर से इस तरह ढंक रखा था कि किसी को शक न हो। जब आबकारी टीम को इसकी भनक लगी और वे मौके पर पहुंचे, तो नजारा देखकर हैरान रह गए। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद जमीन के अंदर से शराब से भरे ड्रमों को ढूंढ निकाला और मौके पर ही शराब को नष्ट कर दिया।
महुआ लाहन और हाथ भट्ठी की शराब जब्त सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार दोपहर को कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन और उप निरीक्षक चंदर सिंह की टीम ने रतुआ पठार और मनीखेड़ी पठार में दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने 30 लीटर हाथ भट्ठी की शराब और 550 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया।
प्रदेशभर में बढ़ा प्रशासनिक अलर्ट सागर और देवास जिलों में हाल ही में जहरीली शराब पीने से हुई घटनाओं के बाद से आबकारी विभाग पूरे प्रदेश में पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी के चलते भोपाल और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब के अड्डों पर लगातार छापे मारे जा रहे हैं, ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।




