भोपाल: निवाड़ी से विधायक अनिल जैन के श्यामला हिल्स स्थित सरकारी बंगले में चोरों ने धावा बोल दिया। 3 और 4 नवंबर की दरमियानी रात बदमाशों ने खिड़की के सरिए तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर से LED टीवी, ड्रायफ्रूट्स के डिब्बे और चश्मा चुरा ले गए।
घटना के वक्त बंगले पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। चोरी का खुलासा तब हुआ जब एक कर्मचारी बंगले पर पहुंचा। सूचना मिलने पर श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस आरोपियों के आने-जाने के रास्तों का मैप तैयार कर उनकी तलाश में जुटी है।




