शिवपुरी: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के कमलागंज इलाके में महज 120 रुपए के पार्सल के पैसे मांगने पर एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित आदिल खान ने स्थानीय लोगों पर मारपीट और रुपए छीनने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
आदिल खान गुरुवार शाम जितेंद्र नरवरिया के घर 120 रुपए का पार्सल डिलीवर करने गया था। आरोप है कि ग्राहक ने पार्सल तो रख लिया, लेकिन जब डिलीवरी बॉय ने भुगतान मांगा तो जितेंद्र और उसका साथी लल्लू भदोरिया भड़क गए। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए आदिल के साथ मारपीट शुरू कर दी और इस दौरान वहां पहुंचे अन्य लोगों ने भी उसके साथ हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि इस खींचतान और मारपीट के दौरान उसकी जेब से दो हजार रुपए भी गायब हो गए, जो या तो सड़क पर गिर गए या किसी ने निकाल लिए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



