मुरैना:
चंबल के आतंक और 80 हजार रुपये के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर को गुरुवार को मुरैना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के साथ हुई फायरिंग में कल्ली के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
200 जवानों ने की थी घेराबंदी
एसपी धर्मराज मीणा के नेतृत्व में करीब 200 जवानों की टीम पिछले कई दिनों से जंगलों में उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में कारतूस और उसके साथी अजय गुर्जर को भी दबोच लिया है। हालांकि, उसकी एक सेमीऑटोमैटिक गन और तीन अन्य साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश जारी है।
सोशल मीडिया पर दी थी खुली चुनौती
डकैत कल्ली कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सुर्खियों में आया था। वीडियो में वह एक मंदिर के सामने खड़े होकर अपने विरोधी को ललकार रहा था, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए थे। आखिरकार पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे धर दबोचा।




