भोपाल: गोविंदपुरा पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त टीम ने बुधवार शाम को बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से हैदराबाद जा रही एक यात्री बस से करीब 1 किलो चरस बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी शिजान खान (25) निवासी केरल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दिल्ली से बस में सवार हुआ था और चरस लेकर हैदराबाद जा रहा था।
गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह चरस कहां से लाया था और हैदराबाद में इसे किसे सौंपा जाना था। एनसीबी इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। फिलहाल आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए एनसीबी के सुपुर्द कर दिया गया है।




